शेर की खाल में गधा
📚 पंचतंत्र की कहानियाँ
एक शहर में शुद्धपट नाम का धोबी रहता था । उसके पास एक गधा भी था । घास न मिलने से वह बहुत दुबला हो गया । धोबी ने तब एक उपाय सोचा । कुछ दिन पहले जंगल में घूमते-घूमते उसे एक मरा हुआ शेर मिला था, उसकी खाल उसके पास थी । उसने सोचा यह खाल गधे को ओढ़ा कर खेत में भेज दूंगा, जिससे खेत के रखवाले इसे शेर समझकर डरेंगे और इसे मार कर भगाने की कोशिश नहीं करेंगे । धोबी की चाल चल गई ।
हर रात वह गधे को शेर की खाल पहना कर खेत में भेज देता था । गधा भी रात भर खाने के बाद घर आ जाता था । लेकिन एक दिन यह पोल खुल गई । गधे ने एक गधी की आवाज सुन कर खुद भी अरड़ाना शुरु कर दिया । रखवाले शेर की खाल ओढ़े गधे पर टूट पड़े, और उसे इतना मारा कि बिचारा मर ही गया । उसकी वाचालता ने उसकी जान ले ली ।
https://kahanibabu.pages.dev/panchtantra/sher-ki-khal-men-gadha/
स्रोत/लेखक: पंचतंत्र की कहानियाँ